वर्गीकरण (Classification)

वर्गीकरण क्या है?

  • वर्गीकरण (Classification) को सामान्य भाषा में विजातीय छाँटना (Odd One Out) कहा जाता है।
  • इस प्रकार के प्रश्नों में कुछ शब्द, अक्षर, संख्याएँ, वस्तुएँ या जोड़े दिए जाते हैं। इनमें से अधिकांश किसी एक समान गुण, नियम या सम्बन्ध का पालन करते हैं, जबकि एक विकल्प उस नियम का पालन नहीं करता।
  • उस भिन्न विकल्प को पहचानना ही वर्गीकरण (Classification) कहलाता है।

➻ छात्र सबसे बड़ी गलती क्या करते हैं?

  • अधिकांश विद्यार्थी सीधे उत्तर खोजने लगते हैं, जबकि सही तरीका यह है कि पहले यह पता लगाया जाए कि —

➻ “बाकी विकल्पों में समानता क्या है?”

  • जब समानता मिल जाती है, तब भिन्न विकल्प अपने आप दिखाई देने लगता है।

अर्थात् —

वर्गीकरण में हमें “अलग विकल्प” नहीं ढूँढना होता, बल्कि पहले “समान विकल्प” ढूँढने होते हैं।

वर्गीकरण के प्रश्न हल करने की सामान्य विधि

➻ चरण 1 : सभी विकल्पों को ध्यान से पढ़ें।

सबसे पहले यह पहचानें कि प्रश्न किस प्रकार का है —

  • शब्द आधारित
  • संख्या आधारित
  • अक्षर आधारित
  • वैज्ञानिक तथ्य आधारित
  • सम्बन्ध आधारित
चरण 2 : विकल्पों के बीच सम्बन्ध खोजें।

अपने आप से प्रश्न पूछें —

  • क्या ये विपरीत शब्द हैं?
  • क्या ये एक ही श्रेणी के हैं?
  • क्या इनमें भाग एवं सम्पूर्ण का सम्बन्ध है?
  • क्या इनमें मात्रक एवं राशि का सम्बन्ध है?
  • क्या ये समान कार्य करते हैं?
  • क्या ये किसी वस्तु के अंग हैं?
चरण 3 : जो विकल्प नियम का पालन नहीं करता वही उत्तर होगा।

➤ उदाहरण 1

विकल्प —

(1) दिन — रात       (2) अच्छा — बुरा

(3) धीमा — तेज       (4) दक्षिण — पश्चिम

(5) इनमें से कोई नहीं

➤ इस प्रश्न को कैसे सोचें?

  1. सबसे पहले पहले विकल्प को देखें — दिन — रात दोनों एक-दूसरे के विपरीत हैं।
  2. अब दूसरा विकल्प — अच्छा — बुरा ये भी एक-दूसरे के विपरीत हैं।
  3. तीसरा विकल्प — धीमा — तेज ये भी विपरीत शब्द हैं।
  4. अब चौथा विकल्प — दक्षिण — पश्चिम क्या ये एक-दूसरे के विपरीत हैं? नहीं।
  • दक्षिण का विपरीत उत्तर होता है और पश्चिम का विपरीत पूर्व होता है।
  • अर्थात् पहले तीन विकल्पों में विपरीत सम्बन्ध (Opposite Relation) है जबकि चौथे में नहीं है।

उत्तर → दक्षिण — पश्चिम

➻ इस प्रश्न से सीखने वाली बात

  • यदि तीन विकल्पों में विपरीत सम्बन्ध दिखाई दे रहा हो तो चौथे विकल्प में भी वही सम्बन्ध होना चाहिए।
  • यदि नहीं है तो वही उत्तर होगा।

➤ उदाहरण 2

विकल्प —

(1) Plant — Flower       (2) Chair — Sofa

(3) Head — Eye       (4) Tree — Stem

(5) इनमें से कोई नहीं

➤ इस प्रश्न को कैसे सोचें?

  1. पहला विकल्प — Plant — Flower फूल पौधे का भाग होता है।
  2. तीसरा विकल्प — Head — Eye आँख सिर का भाग होती है।
  3. चौथा विकल्प — Tree — Stem तना पेड़ का भाग होता है।

अब दूसरा विकल्प देखें — Chair — Sofa

  • क्या Sofa, Chair का भाग है? नहीं।
  • क्या Chair, Sofa का भाग है? नहीं।

दोनों अलग-अलग प्रकार के फर्नीचर हैं।

  • अर्थात् पहले, तीसरे और चौथे विकल्प में भाग एवं सम्पूर्ण (Part and Whole Relationship) का सम्बन्ध है जबकि दूसरे विकल्प में ऐसा नहीं है।

उत्तर → Chair — Sofa

➻ इस प्रश्न से सीखने वाली बात

  • यदि तीन विकल्पों में कोई वस्तु और उसका भाग दिखाई दे रहा हो, तो चौथे विकल्प में भी वही सम्बन्ध होना चाहिए।

वर्गीकरण में सबसे अधिक पूछे जाने वाले सम्बन्ध

प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्यतः निम्न प्रकार के सम्बन्ध पूछे जाते हैं —

  • विपरीत सम्बन्ध
  • भाग एवं सम्पूर्ण सम्बन्ध
  • वस्तु एवं उपयोग सम्बन्ध
  • मात्रक एवं राशि सम्बन्ध
  • स्थान एवं व्यक्ति सम्बन्ध
  • वस्तु एवं निर्माता सम्बन्ध
  • श्रेणी सम्बन्ध
  • वैज्ञानिक सम्बन्ध
  • पशु एवं निवास सम्बन्ध
  • देश एवं राजधानी सम्बन्ध
वर्गीकरण की गोल्डन ट्रिक
  • पहले समानता खोजो, फिर भिन्नता अपने आप मिल जाएगी।

अधिकांश विद्यार्थी सीधे अलग विकल्प खोजते हैं, जबकि सफल विद्यार्थी पहले यह देखते हैं कि —

“बाकी तीन विकल्प किस नियम का पालन कर रहे हैं?”

  • यही वर्गीकरण अध्याय की सबसे महत्वपूर्ण तकनीक है।

वर्गीकरण का प्रश्न वास्तव में ज्ञान का नहीं बल्कि अवलोकन और सम्बन्ध पहचानने की क्षमता का प्रश्न होता है। यदि विद्यार्थी विकल्पों के बीच सम्बन्ध पहचानना सीख जाए, तो इस अध्याय के अधिकांश प्रश्न कुछ ही सेकण्ड में हल किए जा सकते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top